बरसत-घरौंडा रोड पर जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पानी में ही चारपाई बिछाकर बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों कहना है कि सड़क पर चार-पांच महीने से पानी खड़ा हुआ है। कई महीनों से ग्रामीण शासन व प्रशासन को गुहार लगा चुके है लेकिन शासन व प्रशासन पानी की निकासी को लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में उनको आज धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा है और उनको यह प्रदर्शन तब तक चलता रहेगा, जब तक कोई अधिकारी मौके पर आकर उनकी बात नहीं सुनता।
बरसत गांव में पेट्रोल पंप से लेकर प्राइवेट स्कूल तक सड़क गंदे पानी से भरी है। जहां से पैदल यात्रियों के लिए कोई रास्ता ही नहीं बचा है। जिससे आस पास के मकान मालिकों के लिए भी बड़ी मुसीबत खड़ी हो चुकी है। दूसरा दुपहिया वाहनों के लिए भी यहां से निकलना दिक्कतों भरा है। शिकायतों के बावजूद भी समस्या का समाधान न होने पर साहब सिंह पहलवान की अगुवाई में ग्रामीण सड़क पर खड़े पानी में ही चारपाई बिछाकर धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि करीब दो सौ मीटर के इस टुकड़े में पानी भरा हुआ है। पानी सिर्फ सड़क पर ही नहीं बल्कि गंदगी से अटे पड़े नालों में भी है। चारों तरफ पानी होने के कारण पैदल यात्रियों के लिए कोई रास्ता ही नहीं है। सड़क को पार करने के लिए पैदल यात्रियों को किसी वाहन का सहारा लेना पड़ता है। सड़क पर कुछ मकान व दुकानें भी बनी हुई है। न तो ग्राहक दुकानों तक पहुंच पाते है और ना ही मकान मालिक अपने घरों से निकल पाते है। ऐसे में स्थिति विकट बनी हुई है लेकिन ध्यान देने वाला कोई नहीं है।
ग्रामीणों की माने तो पानी की निकासी के लिए नाले बनाए हुए है लेकिन उनकी कई महीनों से सफाई ही नहीं हुई तो बारिश व नालों को गंदा पानी सड़क पर ही खड़ा हो जाता है। इतना ही नहीं गंदे पानी से हर समय दुर्गंध भी आती रहती है और मक्खी-मच्छरों की भरमार रहती है, जो बीमारियों का मुख्य कारण बनते है। ग्रामीण समस्या के समाधान को लेकर पंचायत सरपंच से भी मिल चुके है और अन्य प्रतिनिधियों के सामने भी सड़क से पानी की निकासी करवाने की मांग उठा चुके है लेकिन किसीने समस्या का समाधान नहीं किया है। जब तक कोई अधिकारी आकर उनसे नहीं मिलता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।