माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दिनदहाड़े सब्जी मंडी में आढ़ती के दराज से दो लाख रुपये चोरी हो गए। वारदात की तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई हैं। जिसमें तीन लोग वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-13 निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह सब्जी मंडी में आढ़ती है। रोज की तरह वह अपनी फड़ पर बैठे थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे उन्होंने अपने मेज की दराज में नकदी की गिनती की, जिनमें 50-50 हजार रुपये के चार बंडलों को रबड़ लगाते हुए कुल दो लाख रुपये गिनकर वापस दराज में रखे थे। इसके बाद वे सीट से उठकर लोडिंग आदि कार्य करवाने लगे। करीब आधे घंटे बाद जब वे दोबारा सीट पर बैठे और दराज खोला तो उसमें से रुपये गायब थे। उन्होंने सीसीटीवी की फुटेज चेक की तो एक व्यक्ति मेज की दराज से दो लाख रुपये उठाकर ले गया। उसके साथ दो और लोग खड़े थे। ब्यूरो