माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सड़क हादसों में दिवाली के दिन दो घरों के चिराग बुझ गए। दिवाली का सामान खरीदने के बाद बाइक सवार युवक घोघड़ीपुर स्थित अपने घर जा रहा था, रास्ते में कार ने उसे टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भतीजे की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में घोघड़ीपुर निवासी दविज ने बताया कि वीरवार वह अपनी बाइक पर सवार होकर नई सब्जी मंडी से गांव जा रहा था, इस दौरान उसके चाचा गौरव (21) अपनी बाइक पर आगे चल रहे थे।
सब्जी मंडी से निकल कर जब वे सैलर के पास पहुंचे सामने आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके चाचा की बाइक को टक्कर मार दी। इससे वे बाइक सहित गिर गए। लोगों को एकत्रित होता देख कार चालक फरार हो गया। अपने परिचित रजत मान की मदद से वे घायल चाचा को निजी अस्पताल में लाए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक युवक का घोघड़ीपुर गांव में हेयर सैलून का काम था।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
करनाल। सड़क हादसे में घायल युवक ने वीरवार को दिवाली के दिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में अब्दुलापुर निवासी शेड मिस्त्री रामेश्वर ने बताया कि वे बुधवार को पिपली में अपना काम निपटाने के बाद रात को वापस करनाल जा रहे थे। रात करीब सवा 12 बजे जब वे नेशनल हाईवे-44 पर पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी जोनी (30) को चोटें आई और वे सड़क पर गिर गया। जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सवार को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान वीरवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। ब्यूरो