चचेरे भाई और बहन की शादी का कार्ड बांटने बाइक पर जा रहे थे युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मेरठ रोड स्थित ताऊ देवीलाल चौक लालबत्ती के पास वीरवार को बहन और चचेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने बाइक पर जा रहे दो युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक के पहिये दोनों युवकों की टांगों के ऊपर से गुजर गए। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और घायलों को मधुबन के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पानीपत के उरलाना कलां गांव निवासी अनिल (33) और मनोज (33) अपनी बहन बीतू और चचेरे भाई अभिषेक की शादी के कार्ड देने छापरा खेड़ा बुआ के घर जा रहे थी। चचेरे भाई अभिषेक की 11 जून और बहन बीतू की शादी 12 जून को होनी है। जब दोनों युवक बाइक से मेरठ रोड स्थित ताऊ देवीलाल चौक के पास लाल बत्ती को पार करने लगे तो ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में लिया है। आरोपी चालक भागने लगा तो लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।