संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जो रकम पार्टनर को देनी थी उसे व्यापारी जुए में हार गया तो 3.10 लाख रुपये लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। मामला नीलोखेड़ी के गांव सिकरी के समीप पुरानी बैटरी खरीदने वाले व्यापारी के साथ पिस्तौल के बल पर 3.10 लाख रुपये की लूट का है। इसका खुलासा सीआईए-1 की टीम ने कर दिया है। व्यापारी ने अपने चाचा के साथ मिलकर लूट की यह झूठी कहानी बनाई थी, क्योंकि लखविंद्र तीन लाख रुपये जुए में हार चुका था और कुछ रुपये खर्च हो गए थे। यह रकम पार्टनर को लौटानी न पड़े इस कारण उसने ऐसा किया।
सीआईए-1 टीम के इचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि 14 सितंबर को नीलोखेड़ी निवासी लखविंद्र ने बुटाना थाना में शिकायत दी थी कि वह पुरानी बैटरी खरीदने का काम करता है। 14 सितंबर को गांव सिकरी से गुमटो रोड पर दोपहर करीब 1:45 बजे उसकी बोलेरो गाड़ी को बाइक सवार दो युवकों ने रुकवाया और पिस्तौल के बल पर उसकी जेब से 3 लाख 10 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उसका मोबाइल गन्ने के खेत मे फेंक गए। बुटाना थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया। जांच सीआईए-1 को दी गई। मामले की जांच के लिए एएसआई बलवान सिंह की अध्यक्षता में टीम का गठन किया गया।
ऐसे खुला राज
सीआईए-1 इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि जब मामले में लखविंद्र से गहनता से पूछताछ के बाद मौके पर जाकर जांच की तो लखविंद्र द्वारा बताई गई बातों के अनुसार कोई सुराग नहीं मिला तो लखविंद्र से दोबारा पूछताछ की गई। उस सच उगल दिया और बताया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई बल्कि अपने चाचा के साथ मिलकर झूठी कहानी बनाई और पुलिस को शिकायत दी। लखविंद्र कुमार और उसके चाचा अर्जुनदास निवासी महात्मा गांधी कॉलोनी नीलोखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। लखविंद्र ने बताया कि पुरानी बैटरी खरीदने के व्यापार में मोनू उसका पार्टनर है। मोनू से उसने कुछ दिन पहले 3 लाख रुपये लिए थे। इनमें से कुछ रुपये जुए में हार गया तो कुछ उसने खर्च कर दिए। इसके बाद उसने सोचा कि मोनू तीन लाख रुपये मांगेगा तो कहां से दूंगा। इस बारे में उसने अपने चाचा अर्जुन दास को बताया तो दोनों ने मिलकर झूठी कहानी बनाई।