गांव जरीफाबाद के समीप अल सुबह करीब 4.30 बजे फलों से भरी पिकअप और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। हादसे का कारण बिना इंडिकेटर दिए ट्रैक्टर चालक द्वारा ढाबे की तरफ कट मारना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मौके से ट्रैक्टर ट्राली को भी बरामद कर लिया है।
गांव हथलाना निवासी मृतक के भाई प्रवीन ने बताया कि उसका भाई राजेश सब्जी मंडी में फल-सब्जियां लाने और ले जाने का काम करता था। वह डबवाली से पिकअप में संतरे भरकर करनाल सब्जी मंडी में जा रहा था। जब कैथल रोड पर सिरसी व जरीफाबाद के बीच में पहुंचा तो उसके आगे एक ट्रैक्टर ट्राली थी। ट्रैक्टर चालक ने बिना इंडिकेटर दिए ट्रैक्टर को एक ढाबे की तरफ मोड़ दिया। इस कारण पीछे का रही पिकअप ट्राली में जा घुसी और हादसे में भाई की मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और गाड़ी के दस्तावेज देखकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाक्स
घर का सपना पूरा होने से पहले ही चली गई जान
युवक की हादसे में मौत से गांव में मातम पसर गया। सुबह के समय गांव में चूल्हा तक नहीं जला। बताया जा रहा है कि करीब 10-11 साल पहले युवक की कुटेल गांव में शादी हुई थी, जिसकी दो बेटियां है। युवक नया मकान बना रहा था, जो अभी अधूरा है। नए मकान में रहने के सपने पूरे होने से पहले ही हादसे में उसकी जान चली गई। बुजुर्ग पिता, पत्नी, भाई व बेटियों सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।