संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। स्टेट विजिलेंस ब्यूरो करनाल की टीम ने एक फर्जी आरटीओ टीम के तीन सदस्यों को ओवरलोड वाहनों के चालकों से अवैध वसूली करते गिरफ्तार किया है। करनाल स्टेट विजिलेंस के इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने बताया कि स्टेट विजिलेंस ब्यूरो करनाल की टीम को कई लोगों की शिकायतें मिली कि वाहन चालकों से ओवरलोडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी हो रही है। आरोपी रात को फर्जी आरटीओ अधिकारी बनकर वाहन चालकों से ओवरलोडिंग का डर दिखा लाखों रुपए की वसूली कर रहे थे। करनाल विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की तो तीन लोग फर्जी आरटीओ बनकर वाहन चालकों से अवैध वसूली करते पाए गए।
विजिलेंस टीम ने शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए फर्जी तीन आरटीओ को सोमवार को यमुनानगर से गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को रंगे हाथों टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों से करीब पांच लाख रुपये की राशि बरामद की गई है। गिरोह के बारे में जानकारी लेने के लिए विजिलेंस टीम ने सोमवार शाम को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। करनाल विजिलेंस टीम आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है।