करनाल। गांव खेड़ा छपरा के समीप सड़क किनारे खड़े मोटरसाइकिल चालक को दूसरे मोटरसाइकिल चालक ने टक्कर मार दी, जिससे सड़क किनारे खड़े मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में गांव खेड़ा छपरा निवासी सुलतान ने बताया कि 27 मार्च सुबह 9:30 बजे वह और उसका चचेरा भाई नीरज अलग-अलग बाइक पर एक शादी समारोह में इंद्री जा रहे थे। जब खेड़ा से कुछ आगे नदी पार कर मोटरसाइकिल खड़ी करके खड़े थे, तभी एक बुलेट बाइक चालक आया और चाचा के लड़के नीरज को टक्कर मार दी। उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। संवाद
पेंशन लेने जा रहे एक्टिव सवार दंपती को कार ने मारी टक्कर
करनाल। गांव जांबा के समीप पेंशन लेने गांव जा रहे एक्टिवा सवार बुजुर्ग दंपति को कार चालक ने टक्कर मार दी, जिसमें महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में यामिन अली ने बताया कि उसका चाचा बीरूदीन (66) व चाची प्रकाशी देवी करनाल के कलंदरी गेट में रहते हैं। 24 मार्च को दोनों गांव में बुढ़ापा पेंशन लेने एक्टिवा पर जा रहे थे। जब जांबा के समीप पहुंचे तो एक कार चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक घायल चाची को कार में निगदू के अस्पताल में ले गया। चाची को गंभीर चोट लगी थी, इस कारण उसे करनाल रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे करनाल के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर आए तो वहां से भी रेफर कर दिया गया। 26 मार्च की रात दिल्ली एक प्राइवेट अस्पताल में चाची की मौत हो गई। संवाद
साइकिल सवार मजूदरों को मारी टक्कर
करनाल। गांव मंचूरी में साइकिल सवार दो लोगों को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में गांव मंचूरी निवासी कर्मबीर ने बताया कि 26 मार्च को वह गांव पाढ़ा में सेवा राम के साथ मजदूरी करने गया था। वहां से मजदूरी कर दोनों साइकिल पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक कार चालक ने पीछे से साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया। सेवा सिंह को गंभीर चोट लगने के कारण करनाल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान सेवा सिंह ने दम तोड़ दिया। संवाद