एक जून से होंगी गर्मियों की छुट्टियां
22 मई को हुआ था एलान, अब जारी हुए लिखित आदेश, टैबलेट से ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे विद्यार्थी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्कूलों में एक जून से गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। शिक्षा निदेशालय ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के राजकीय और प्राइवेट स्कूलों में ग्रीष्म कालीन अवकाश की घोषणा कर दी। प्रदेश में सभी स्कूल एक से 30 जून तक बंद रहेंगे। एक जुलाई को पुन: स्कूल खुलेंगे।
इसको लेकर शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक (शैक्षणिक) की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी व खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी और स्कूल मुखिया/प्रभारी को आदेशों का पालन करने के आदेश दिए हैं।
कोरोनाकाल के बाद वर्ष 2020 व 2021 में स्कूल आम तौर पर बंद थे। दो साल बाद स्कूलों में वर्तमान में नियमित कक्षाएं चल रही हैं और स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश भी दो साल के बाद हो रहा है। आदेशों में कहा गया है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी स्कूल न खोला जाए।
22 मई को हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से भी गर्मियों की छुट्टियों का एलान किया गया था। बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी टैबलेट से ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे, इसे लेकर भी निर्देश जारी किए गए थे। छुट्टियों में पढ़ाई से बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार आएगा, क्योंकि दो साल कोरोना में बच्चों की पढ़ाई खासी प्रभावित हुई थी। कक्षा 10वीं और 12वीं के कुल 23700 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। टैबलेट वितरण का कार्य चल रहा है। ब्यूरो