करनाल। बिजली निगम ने जिले के लोगों को गर्मी के मौसम में बिजली कटों से निजात दिलाने और 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए तैयारी शुरू कर दी हैं। विभाग के मुताबिक जिले में 243 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। वहीं 170 पुराने ट्रांसफार्मरों को चिह्नित कर उनकी लोड क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा 39 फीडरों की तारों को मोटा किया जाएगा। यानी उनके कंडक्टरों की लोड वहन करने की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
वहीं विभाग की ओर से शहर के दो सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने की भी योजना है। इनमें सेक्टर-4 और सेक्टर-32 के सब स्टेशन शामिल हैं। दोनों में 10 केवी के ट्रांसफार्मर के साथ साढ़े 12 के ट्रांसफार्मर सम्मलित होंगे जिससे इनकी क्षमता दोगुनी हो जाएगी। विभाग की ओर से सभी कार्य अप्रैल माह से पहले पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
11 केवी के 24 फीडरों का लोड होगा विभाजित
विभाग के अनुसार जिले भर में 11 केवी के 24 फीडरों को चिह्नित किया गया है। जिनके लोड को अन्य फीडरों पर विभाजित किया जाएगा। जिससे लोड क्षमता सामान्य होने पर फीडर कर तारें लोड में नहीं टूटेंगी और बिजली कट नहीं लगेंगे।
सिटी डिवीजन में रखे जाएंगे 65 नए ट्रांसफार्मर
विभाग के अनुसार शहर के लोगों को भी निर्बाध बिजली सेवा देने के लिए विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। जिसके तहत सिटी डिवीजन में 65 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे पुराने ट्रांसफार्मर का लोड कम होगा।
100 से 200 केवीए की जाएगी क्षमता
शहर में बिजली के बढ़ते लोड की वजह से विभाग की ओर से 100 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता को दोगुना कर 200 केवीए की जाएगी। इस संबंध में शहर के करीब 85 ट्रांसफार्मर को चुना गया है।
वर्जन-
गर्मी के मौसम में लोगों को बिजली कटों की समस्या से निजात दिलाने के लिए निगम की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसके तहत कई 243 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे वहीं 170 की लोड क्षमता को बढ़ाया जाएगा। वहीं, दर्जनों फीडरों के लोड को विभाजित और इतने के ही कंडक्टरों की लोड क्षमता बढ़ाई जाएगी। निगम की ओर से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली सेवा देना ही उद्देश्य है।
- सुधाकर तिवारी, एसई, बिजली निगम करनाल