माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के रामनगर थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी एक युवक ने रात को पश्चिमी यमुना बाईपास नहर पर जाकर छलांग लगा दी। पत्नी चीखती रही कोई तो मेरे सुहाग को बचाओ, लेकिन रात होने के कारण नहर में कूदे उसके पति को बचाने कोई आगे नहीं आया। मध्यरात्रि तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका। घटना के पीछे रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
गांधी नगर निवासी अमित कुमार की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने अपनी गारंटी पर पाल नगर निवासी एक जानकार को 20 हजार रुपये दिलवाए थे, लेकिन कर्जदार रुपये वापस नहीं कर रहा था, इस कारण पैसे देने वाले अमित से रुपये देने का दबाव डाल रहे थे। रविवार देर शाम उसका पति पैसे देने के संदर्भ में बात करने पालनगर गए थे, लेकिन कर्जदार ने रुपये वापस करने के बजाय उसके साथ मारपीट कर दी।
इसके बाद अमित अपनी बाइक पर पत्नी को बैठाकर घर लौट रहा था, लेकिन नहर की पटरी से गुजरते समय अचानक उसने गुस्से में बाइक रोकी और पत्नी का हाथ छुड़ाकर नहर में छलांग लगा दी। अचानक पति के नहर में कूद जाने से पत्नी को तत्काल कुछ समझ नहीं आया। उसने शोर मचाया और वहां से गुजर रहे लोग रुके, लेकिन कोई उसे बचाने के लिए नहर में नहीं उतरा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस भी पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद लौट गई। देर रात तक परिजन नहर के पास ही विलाप करते रहे। रात होने के कारण सर्च आपरेशन भी नहीं चल पा रहा था।