- आरोपी कॉलेज संचालक के ड्राइवर ने मधुबन थाने में दर्ज कराया था अपहरण का मामला
- मंगलवार को गिरफ्तार कर ले गई थी मेरठ पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। आरपीआईआईटी कॉलेज के संचालक का अपहरण नहीं हुआ बल्कि उसे मेरठ पुलिस दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार करके ले गई थी। कॉलेज संचालक पर आरोप है कि उसने मेरठ की युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी के खिलाफ मेरठ के नौचंदी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
बसताड़ा स्थित आरपीआईआईटी काॅलेज के संचालक भरत सिंघल के ड्राइवर ने मधुबन थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था मगर जब पुलिस ने जांच की तो मामला कुछ और निकला। मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी युवती फरवरी 2019 में पानीपत में रही थी। रक्तदान कैंप के दौरान युवती की मुलाकात करनाल के दुर्गा काॅलोनी निवासी भरत सिंघल से हुई थी। जिसके बाद युवती मेरठ अपने घर आ गई।
युवती का आरोप है कि कॉलेज संचालक भरत सिंघल मिलने के लिए मेरठ आया। आरोपी ने उसे नौकरी देने का झांसा दिया। इसके बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी वीडियो भी बना ली। बाद में उसे ब्लैकमेल कर शोषण करता रहा। परेशान युवती ने नौचंदी थाने में मामला दर्ज कराया था। दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी कॉलेज संचालक को यूपी पुलिस ने करनाल से मंगलवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में कॉलेज संचालक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज है। मेरठ पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कॉलेज संचालक का कोई अपहरण नहीं हुआ था।
- तरसेम सिंह, थाना प्रभारी मधुबन