कैथल रोड पर गांव सिरसी के समीप देर रात एक ट्रक ने सड़क पर खड़ी कंबाइन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कंबाइन खेतों में पलट गई। हादसे में दो कर्मचारी कंबाइन के नीचे दबकर मर गए, जबकि ट्रक के नीचे आने से एक की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया।
वहीं क्रेनों की मदद से कंबाइन के नीचे दबे दो लोगों को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
गांव सिरसी निवासी लखीराम ने बताया कि उसके भाई 34 वर्षीय सलिंद्र के खेत में कंबाइन धान काटने गई थी। सुबह कंबाइन ने धान काटी और फिर वह खराब हो गई थी। इसके बाद कंबाइन को ठीक कराकर वापस खेत में धान काटने के लिए लाया गया था। रात को उसका भाई कंबाइन चालक और हेल्परों के लिए खाना लेकर गया था।
यह भी पढ़ें: एग्रीकल्चर: एचएयू के वैज्ञानिकों ने बनाया बैटरी से चलने वाला ट्रैक्टर, 1.5 टन वजन के ट्रेलर के साथ तय कर सकता है 80 किमी का सफर
इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कंबाइन को टक्कर मार दी। हादसे में उसका भाई सलिंद्र ट्रक के नीचे आ गया और टक्कर लगने पर कंबाइन खेतों में जा पलटी। इस दौरान दो मजदूर दब गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य मजदूर घायल हो गए, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस उनके बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।
कैथल रोड पर रात के समय गांव सिरसी के समीप कंबाइन व ट्रक की टक्कर की सूचना मिली थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत पहले ही हो चुकी थी। जबकि दो कर्मचारियों की कंबाइन के नीचे दबने से मौत हो गई। फिलहाल एक मृतक की पहचान हो सकी है। अन्य दो मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी की जा रही है।
-तरसेम कांबोज, सदर थाना प्रभारी करनाल।