कस्टमर केयर कर्मी बता खाते से 2,41,927 रुपये निकाले
करनाल। कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति के खाते से 2,41,927 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-4 निवासी वीरभान ने बताया कि 20 सितंबर को उसके पास एक नंबर से कॉल आई। वह खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बता रहा था। उसने के क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी लेकर खाते से 2,41,927 रुपये की तीन ट्रांजेक्शन कर ली। इस बारे में उसे बाद में पता चला। फिर पुलिस को शिकायत दी। संवाद
दोस्त बन बैंक खाते से निकाले 89 हजार रुपये
करनाल। गांव मूनक में दोस्त बताकर शातिर ठग ने खाते से 89 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूनक निवासी अजय कुमार ने बताया कि 17 सितंबर को उसके पास एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि उसका दोस्त बोल रहा हूं। उसने कहा कि मेरे खाते में किसी कारण से रुपये नहीं आ रहे हैं। वह अपना खाता नंबर बता दे। उसने पहले उसके खाते में दो रुपये भेजे। इसके बाद आरोपी ने उसके खाते से 2500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसके भाई के खाते से 12500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद फिर खाते से पैसे निकाले। आरोपी ने कुल 89 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। संवाद
केबीसी लॉटरी का मैसेज भेजकर 12 हजार ठगे
करनाल। 25 लाख रुपये की लॉटरी का मैसेज भेजकर एक व्यक्ति से 12 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बड़ा गांव निवासी जोगिंद्र ने बताया कि 30 अगस्त को उसके मोबाइल में व्हासट्एप मैसेज आया कि केबीसी से 25 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। लॉटरी की रकम लेने के लिए 12 हजार रुपये देने होंगे। वह इन बातों में आ गया और उसने 12 हजार रुपये 3 सितंबर को गुगल पे कर दिए। फिर उसने दोबारा उस नंबर पर कॉल कर लॉटरी के 25 लाख रुपये मांगे तो बोले थोड़ी देर में खाते में आ जाएंगे। इसके बाद उन्होंने उसका फोन हैक कर लिया। फिर अन्य व्यक्तियों से कॉल कर धमकियां दिलवाई। संवाद