फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसा: डीजल से भरे टैंकर की डंपर से भिड़ंत, आग लगने से टैंकर चालक जिंदा जला, दोनों गाड़ियां एक दूसरी में फंसी

Sun, 31 Oct 2021 11:58 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, असंध /करनाल (हरियाणा)

सार

टैंकर में बैठे दूसरे चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, डंपर पर सवार चालक-परिचालक सुरक्षित हैं। आग इतनी भयंकर थी कि शाम छह बजे लगी आग पर देर रात तक काबू पाया गया। वहीं टैंकर का केबिन गर्म होने के कारण चालक को रात दस बजे तक भी बाहर नहीं निकाला जा सका। 
विज्ञापन
हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों गाड़ियां। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रविवार की देर शाम हरियाणा के करनाल जिले के असंध कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग 709-ए स्थित गांव गंगाटेहड़ी अड्डे के पास बजरी भरे डंपर और डीजल तेल भरे टैंकर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में तेल के टैंकर में आग लग गई। टैंकर का पूरा केबिन आग से भर गया। इसमें बैठे दो चालकों में एक ने बाहर कूदकर जान बचाई, जबकि दूसरा चालक केबिन के अंदर ही जिंदा जल गया। हालांकि डंपर में बैठे सभी लोग सुरक्षित बच गए। 

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब छह बजे बजरी लेकर एक डंपर असंध की तरफ आ रहा था। वहीं असंध की ओर से डीजल तेल से भरा एक टैंकर ऐलनाबाद जा रहा था। जैसे ही तेल का टैंकर गंगाटेहड़ी अड्डे के पास पहुंचा तो दोनों वाहनों में आमने सामने की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर के केबिन में आग लग गई और उसमें बैठा 62 वर्षीय चालक गुरदीप उर्फ दीपन सिंह निवासी नजदीक बस स्टैंड ऐलनाबाद केबिन में ही जिंदा जल गया। जबकि टैंकर के केबिन में सवार दूसरे चालक लखविंद्र वासी ऐलनाबाद ने किसी तरह छलांग लगाकर जान बचाई। इससे वह घायल हो गया।
विज्ञापन


वहीं डंपर के दो चालक व एक परिचालक सकुशल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एक गाड़ी ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया तो पानी खत्म हो गया। जब दोबारा गाड़ी पानी लेने गई तो फिर केबिन धधकने लगा।

फिर राजौंद (कैथल) और करनाल व निसिंग से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाना पड़ा। तब करीब देर रात आग पर काबू पाया गया। टैंकर काफी गर्म होने के कारण रात्रि दस बजे तक भी चालक को बाहर नहीं निकाला जा सका था। 

गनीमत रही कि आग डीजल टैंक तक नहीं पहुंची
यह टैंकर डीजल से भरा हुआ था। केबिन धू-धू करके जल रहा था, जिसमें चालक भी जिंदा जल गया। गनीमत यह रही कि आग को केबिन से निकलकर टैंक तक पहुंचने से पहले रोक लिया गया। अन्यथा लाखों रुपये के डीजल का नुकसान तो होता ही, साथ ही आग भयंकर रूप धारण कर लेती, तो नुकसान और अधिक हो सकता था। टैंकर में करीब 18 हजार लीटर डीजल बताया जा रहा है। 

हादसे के बाद बाधित हो गया यातायात, गांव बाहरी के अड्डे से किया डायवर्ट
जैसे ही तेल के टैंकर में आग लगी तो तुरंत पुलिस ने यातायात को रुकवा दिया। सभी गाड़ियों को हादसा स्थल से दूर भेजा गया। वहीं, यातायात बाधित होने के बाद पुलिस की टीम ने जींद और करनाल की ओर जाने वाले वाहनों को बाहरी और गांव गंगाटेहड़ी के अड्डे से दोनों ओर डायवर्ट कर दिया। देर रात तक असंध, करनाल और राजौंद की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं।

पानीपत रिफाइरी से लेकर आए थे डीजल, जाना था नड्डा पंप ऐलनाबाद
टैंकर में सवार दूसरे चालक लखविंद्र सिंह ने बताया कि वह और उसका ताऊ गुरदीप ऐलनाबाद स्थित नड्डा पंप की दो अलग अलग गाड़ियां चलाते थे। आज एक गाड़ी आई थी, इसलिए दोनों एक ही गाड़ी में आ गए थे। पानीपत रिफाइनरी से डीजल भरके वापस ऐलनाबाद पंप पर जा रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हो गया।

तेल के टैंकर और बजरी से भरे डंपर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टैंकर का चालक आग लगने के कारण टैंकर के अंदर ही जल गया। जबकि दूसरे चालक को हल्की चोटे आई है। डंपर में सवार दोनों चालक और परिचालक सकुशल हैं। यातायात को गांव बाहरी की तरफ से डायवर्ट कर दिया गया है। दोनों गाड़ियां एक दूसरी में फंसी हुई हैं।  -रमेश राणा, सब इंस्पेक्टर, असंध थाना।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें