- किसी ने कहा अंधड़ में टूटी तो कोई बता रहा शरारती तत्वों की करतूत
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण नगरी में स्थापित राजा कर्ण का धनुर्धारी स्वरूप सोमवार को खंडित हो गया है। प्रतिमा में जिस हाथ से राजा कर्ण ने धनुष पकड़ा था, वह टूट गया है। एनडीआरआई के पार्लर से सामान लेने आने वाले लोगों का अनुमान है कि अंधड़ और बरसात के कारण प्रतिमा खंडित हुई है जबकि कुछ लोगों का आरोप है कि किसी शरारती तत्व ने प्रतिमा को खंडित किया है। लोगों ने प्रशासन से जांच कराने और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है।
विदित हो कि कर्ण नगरी को विशेष पहचान देने के लिए महाभारत थीम पर एनडीआरआई रोड को तैयार किया गया था। स्मार्ट सिटी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से इस रोड पर विशेष पेंटिंग कराने के अतिरिक्त एनडीआरआई के मॉडल डेयरी प्लांट के पार्लर के बाहर राजा कर्ण की दो प्रतिमाएं स्थापित की थी। एक में धनुर्धर कर्ण और दूसरे में दानवीर कर्ण दर्शाया गया। ये दोनों प्रतिमाएं कर्णनगरी की विशेष पहचान भी थी। इस रोड की शुरूआत पर श्रीमद्भागवत गीता द्वार भी बना है।