- एक जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दो दिन धूप के बाद सोमवार की शाम को आसमान पर काले बादल छाए और धूल भरी आंधी के बीच हल्की बारिश शुरू हो गई। जिससे तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहाना हो गया। अभी एक जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई जा रही है।
यूं तो कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। रविवार को बारिश नहीं हुई। सोमवार को भी सुबह से धूप रही लेकिन शाम होते ही आसमान पर काले बादल छा गए। पहले धूल भरी आंधी आई और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही इसका अनुमान जारी किया था। एनडीआरआई की जिला कृषि मौसम सेवा के कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ.योगेश कुमार ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण सोमवार की शाम को बदलाव आया है, जिसका आंशिक असर एक जून तक देखा जा सकता है। इस दौरान गरत चमक के साथ हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी।