किसानों का भारत बंद का आह्वान
10 स्थानों पर करेंगे सड़कें जाम, शहर को पूर्ण बंद रखने का होगा प्रयास
-सुबह डेरा कार सेवा में एकत्रित होने के बाद बाजारों में दुकानदारों से सहयोग की करेंगे अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान पर सोमवार को जिले में किसान दस जगहों पर सड़कें जाम करेंगे। हालांकि किसानों का ध्यान करनाल शहर को बंद करवाने पर केंद्रित रहेगा। सुबह छह से शाम चार बजे तक बंद का आह्वान किया गया है। सुबह आठ बजे किसान कलंदरी गेट स्थित डेरा कार सेवा में एकत्रित होने के बाद पूरे शहर में बाजार बंद करवाने के लिए व्यापारियों व दुकानदारों से अपील करेंगे। किसानों ने बंद के आह्वान को लेकर रविवार को योजना तैयार कर ली। इधर, व्यापारी संगठनों ने शहर बंद करने से इनकार किया है।
इन जगहों पर लगेगा जाम
जिले के असंध क्षेत्र में पांच जगह जींद रोड, करनाल-असंध रोड, असंध-पानीपत रोड, कैथल रोड के अलावा जयसिंहपुरा में स्टेट हाईवे पर जाम लगाएंगे। नीलोखेड़ी में पिहोवा रोड पर बड़थल गांव के समीप, इंद्री में करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर विश्राम गृह के समीप तथा निसिंग में गुरुद्वारा रोडी साहिब के सामने सड़क जाम करेंगे। दो अन्य स्थानों पर सुबह निर्णय लिया जाएगा। जिले की सीमा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम नहीं लगाया जाएगा। जबकि शाहबाद में जीटी रोड व रेल ट्रैक जाम करने की किसानों की योजना है। जिसके चलते रेलवे यातायात व सड़क परिवहन प्रभावित हो सकता है। भाकियू आईटी प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी बहादुर सिंह मेहला ने कहा कि किसानों का आंदोलन शांतिपूर्वक एवं लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है।
----------
फोटो-202
जरूरी सेवाओं वाले वाहन नहीं रोकेंगे
जिले में दस सड़कों पर चक्का जाम रहेगा। कस्बों में भी बाजार बंद करने की अपील की है। करनाल शहर को पूर्ण रूप से बंद करवाने पर किसानों का मुख्य ध्यान रहेगा। व्यापारियों के सहयोग से बाजार बंद रखा जाएगा। चक्का जाम के दौरान जरूरी सेवाओं वाले वाहन एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व परीक्षार्थी आदि को नहीं रोका जाएगा।
-जगदीप औलख, भाकियू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य
-----------
फोटो-203
किसानों की मांगें नहीं हुई पूरी
यह आंदोलन किसानों का नहीं बल्कि जनांदोलन है। हर आदमी जो रोटी खाता है उसका आंदोलन है। दुकानदार सरकार से लड़ नहीं सकते। किसान सभी वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ रहा है। इंद्री में विश्राम गृह के सामने स्टेट हाईवे जाम किया जाएगा।
-मंजीत लालर, भाकियू इंद्री हलका अध्यक्ष
------------
फोटो-204
दिल्ली में जल्द बुलाई जाएगी प्रेसवार्ता : आर्य
करनाल। भारतीय किसान मजदूर नौजवान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र आर्य ने कहा कि जल्द चंडीगढ़ व दिल्ली में सभी बिरादरी व धर्मों के किसान नेता किसान आंदोलन को मजबूत करने के लिए पत्रकारवार्ता करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने हर नागरिक से 27 सितंबर को भारत बंद में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सारे सरकारी व निजी कार्यालय, सभी शैक्षणिक व अन्य संस्थान, सभी दुकान, उद्योग व वाणिज्यिक संस्थान, सभी सार्वजनिक इवेंट व कार्यक्रम, सार्वजनिक व निजी यातायात भी इस दौरान रुक जाएंगे। आपातकालीन व आवश्यक सेवाएं जैसे अस्पताल, मेडिकल स्टोर, राहत व बचाव कार्य और इमरजेंसी में फंसे लोग इस बंद के दायरे से बाहर होंगे।
-------------------------
फोटो-205
शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन में रहेंगे शामिल : राठी
करनाल। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के प्रदेश प्रभारी महेंद्र राठी ने कहा कि भारत बंद के आह्वान को सफल बनाएंगे। यह लड़ाई केवल किसानों की नहीं बल्कि सभी नागरिकों की है। पिछले 10 महीने से किसान आंदोलनरत हैं और 600 से ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्वक एवं अनुशासित तरीके से आंदोलन में शामिल होने का निर्देश दिया।
---------------
व्यापारी बोले-खुला रहेगा करनाल का बाजार
- किसानों के भारत बंद के दौरान 27 सितंबर को करनाल का बाजार पूर्ववत खुलेगा। व्यापारियों ने तय किया है कि बाजार को बंद नहीं रखा जाएगा।
- कृष्ण लाल तनेजा, जिला प्रधान हरियाणा व्यापार मंडल करनाल (फोटो-206)
-------
- बाजार पहले ही कोरोना के कारण काफी प्रभावित रहा है। इसलिए 27 सितंबर को भी बाजार पूर्ववत खुला रहेगा। व्यापारी हर रोज की तरह ही दुकानें खोलेंगे।
- डा.जेआर कालड़ा, जिला प्रधान करनाल व्यापार मंडल (फोटो-207)
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।