संवाद न्यूज एजेंसी
कुंजपुरा। बड़ा गांव में रिजर्व जंगल से बिना परमिशन पेड़ काटने के मामले में रेंज अफसर को भी सस्पेंड कर दिया है। रेंज अफसर के निलंबन की पुष्टि करते हुए प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट वीरभान सिंह तंवर ने की।
इस मामले में वन दरोगा दलबीर सिंह एवं फॉरेस्ट गार्ड मुकेश कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इस प्रकरण में निलंबन की यह तीसरी कार्रवाई की गई है। प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट वीरभान सिंह तंवर ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई थी। इन जांच टीमों में झज्जर वन मंडल के डीएफओ विपिन कुमार सिंह पानीपत मंडल के एडीएफओ मोहन वर्मा और झज्जर मंडल के डिप्टी रेंजर श्रीभगवान आदि वन अधिकारी शामिल थे। पूरी जांच प्रक्रिया की सुपरविजन रोहतक परिमंडल के सीसीएफ एमएल राजवंशी कर रहे थे। इसी दौरान फॉरेस्ट गार्ड और वन दरोगा को निलंबित कर दिया गया था।
एमएलए राजवंशी ने करनाल वन मंडल के रेंज अफसर सुभाष चंद को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा था लेकिन रेंज अफसर का जवाब तय अवधि में कार्यालय तक नहीं पहुंचा। इसके बाद एमएल राजवंशी द्वारा जांच रिपोर्ट सहित नोटिस का जवाब न दिए जाने से संबंधित अपनी रिपोर्ट वन विभाग के पंचकूला मुख्यालय को भेज दी। इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर रेंज अफसर सुभाष चंद्र को निलंबित कर दिया गया।