निसिंग। करनाल-असंध रोड स्थित प्यौंत टोल प्लाजा पर कर्मचारियों से झगड़ा और बिना टोल दिए वाहन गुजारने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। टोल कर्मियों ने मंगलवार को निसिंग थाना प्रभारी ऋषिपाल से मिलकर समस्या बताई। साथ ही समाधान की गुहार लगाई।
टोल प्लाजा मैनेजर सुनील तोमर ने बताया कि पहले रोजाना 2.50 लाख तक टैक्स वसूली होती थी लेकिन वैकल्पिक रास्तों से वाहन गुजरने के कारण यह घटकर 1.50 लाख रह गई है। इसको लेकर उपायुक्त को भी लिखित में शिकायत दी गई है।
आरोप है कि कई बार कुछ लोग मारपीट करने तक उतारू हो जाते हैं। वे खुद को आसपास के गांव का बताकर बिना टैक्स दिए वाहन गुजारने का प्रयास करते हैं। इससे टोल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। टोल टैक्स बचाने के चक्कर में रोजाना करीब पांच सौ वाहन प्यौंत गांव से वाया गुल्लरपुर भी गुजर रहे हैं। सबसे ज्यादा संख्या कारों की है।
उन्होंने थाना प्रभारी से अवैध कटों से वाहनों की आवाजाही बंद करने और झगड़ा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि आसपास के गांवों के लोगों के लिए मासिक पास के तहत छूट दी गई है। यदि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से कोई छूट आती है तो नियमानुसार जरूर दी जाएगी।