संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुलिस कर्मी बनकर छापा मारने के बाद एक व्यक्ति को नशा तस्करी व अवैध हथियार रखने के केस में फंसाने की धमकी देकर 40 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-32, 33 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-7 निवासी तुषार भाटिया ने बताया कि वह अपने घर में स्टार ड्रेसिंग डिजाइन के नाम से बुटीक चलाता है। दो मार्च की सुबह 10 बजे वह अटल पार्क में सैर कर रहा था तभी सड़क पर वैगनार कार में बैठे एक युवक ने उसे अपने पास बुला लिया। जब वह उस युवक के पास गया तो उसने कहा कि कल उसका इंटरव्यू है, उसे मेन बाजार जाना है। उसने उसे मेन बाजार का रास्ता बता दिया। इसी तरह जान पहचान होने के बाद वह उसका दोस्त बन गया। उसने अपना नाम तरूपा धानक बताया और कहा कि वह सेक्टर-8 राजपूत धर्मशाला में रुका है। वह उसे खाना खाने के लिए अपने कमरे में धर्मशाला ले गया।
इसी दौरान पुलिस की वर्दी पहना और पिस्तौल लगाए एक व्यक्ति के साथ चार अन्य लोग कमरे में आ गए और कमरे में रखे तरूपा धानक के बैग की तलाशी ली तो उसमें से पिस्तौल और एक पॉलिथीन भी निकली जिसमें सफेद पाउडर था। इसके बाद पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति ने तरूपा धानक को हथकड़ी लगाकर गिरफ्तार कर लिया और कहा कि तुझे (तुषार धानक) इस केस से बचना है तो 40 हजार रुपये देने होंगे। इस दौरान उन्होंने उसकी वीडियो भी बनाई और उससे कहलवाया कि पकड़ा गया नशीला पदार्थ और हथियार उसके दोस्त के हैं, वह उसके कमरे में आता-जाता था।
इसके बाद उन्होंने कहा कि सात मार्च तक रुपये का इंतजाम कर लेना नहीं तो तुझे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घर आकर उसने अपने भाई को पूरी वारदात बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-9 चौकी प्रभारी सलींद्र ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।