Prize accused Muzaffar taken on remand for nine days
- फोटो : Kaithal
सिपाही भर्ती लीक मामले के मुख्य आरोपी एवं दो लाख रुपये इनामी आरोपी मुजफ्फर अहमद खान को शुक्रवार को पुलिस ने कैथल न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे 9 दिन के रिमांड पर लिया है। उससे लगातार पूछताछ जारी है। मुख्य आरोपी एवं दो लाख रुपये के वांछित दूसरे आरोपी मोहम्मद अफजल डार की गिरफ्तारी अभी इस मामले में शेष है। पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनोहर को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने वीरवार को जम्मू इलाके से हरियाणा पुलिस द्वारा 2 लाख रुपये के इनामी आरोपी मुजफ्फर अहमद को गिरफ्तार किया था। उसे शुक्रवार को कैथल लाकर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से 19 सितंबर तक 9 दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से पेपर लीक मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावनाएं हैं। मुख्य रुप से पुलिस इस मामले में गिरफ्तारी से बच रहे 2 लाख रुपये के ही इनामी आरोपी मोहमद अफजल डार की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी। एसपी लोकेंद्र सिंह की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि मुजफ्फर अहमद से पूछताछ जारी है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने 4 दिन के रिमांड पर चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनोहर से रिमांड के दौरान वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल बरामद कर लिया है। उसे पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।