करनाल। रिश्वत कांड मामले में शनिवार को पकड़े गए नगर निगम के एसई दीपक किग्गर को पुलिस फरीदाबाद लेकर रवाना हो गई, जहां आरोपी की बहन रहती है। इसके बाद पुलिस आरोपी को दिल्ली सहित अन्य ठिकानों पर लेकर जाएगी। आरोपी एसई से पुलिस को रिश्वत की रकम बरामद करनी है।
पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि एसई दीपक किग्गर पहले खुद ही रिश्वत के रुपये लेता था। इस दौरान उसे डर था कि कोई रुपये लेते हुए वीडियो न बना ले, इस कारण वह पीए विकास शर्मा के माध्यम से रुपये लेने लगा। यह भी सामने आया है कि फाइल देखकर एसई कमीशन की रकम तय करता था। वीडियो में आरोपी एसई को रकम देने वालों में निगम के जेई और भी ठेकेदार शामिल हैं। ऐसे में जल्द ही कुछ और लोगों के गिरफ्तारी की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी एसई को पांच दिन की रिमांड पर लेकर जांच पड़ताल कर रही है। विदित हो कि मामले में सामने आई 32 वीडियो की जांच के बाद एडीसी ने प्रथमदृष्टया एसई को दोषी माना था, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर पहले पीए और फिर एसई की गिरफ्तारी की।
एसई की प्रॉपर्टी की भी होगी जांच
पुलिस के अनुसार एसई दीपक किग्गर की प्रॉपर्टी की भी जांच की जाएगी। उसके पास कितनी संपत्ति है और रिश्वत के रुपयों से उसने कितनी संपत्ति बनाई है, क्योंकि अगले महीने ही एसई की रिटायरमेंट भी है।
एसई दीपक किग्गर से पूछताछ की जा रही है। उससे नौ लाख रुपये बरामद भी करने हैं। पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं। जांच में जिन-जिन व्यक्तियों के नाम के खुलासे होंगे, उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय