करनाल में धान की खरीद शनिवार को शुरू हो गई। फसल की बिक्री शुरू होते ही जिला की विभिन्न मंडियों में अब तक एक लाख 43 हजार 441 टन धान की आवक हो चुकी है।
इसमें से एक लाख 40 हजार 797 टन धान विभिन्न सरकारी एजेंसियों ने खरीदा, जबकि 2644 टन धान मिलर डीलरों ने खरीदा। यह जानकारी उपायुक्त विकास यादव ने शनिवार को दी।
उपायुक्त ने बताया कि धान की कुल आवक में सबसे ज्यादा ग्रेड ए धान एक लाख 39 हजार छह टन, तीन हजार साठ टन सामान्य किस्म, सरबती 918 टन, मुच्छल 265 टन और बासमती 192 टन है। उन्होंने बताया कि अब तक सर्वाधिक आमद करनाल की अनाज मंडी में 51 हजार 262 टन हुई है।
निसिंग की अनाज मंडी में 21 हजार 584, घरौंडा में 18 हजार 239, इन्द्री में 11 हजार 729, असंध में 11 हजार 250, तरावड़ी अनाज मंडी में नौ हजार 206 और कुंजपुरा अनाज मंडी में आठ हजार टन धान की आवक हो चुकी है। वहीं, अब तक सर्वाधिक खरीद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 87 हजार 764 टन की है। दूसरी एजेंसियों में हैफेड ने 27 हजार 885, एग्रो ने 14 हजार 832, भंडारण निगम ने आठ हजार 816 तथा कान्फेड ने 1500 टन धान खरीदा है।
दूसरी ओर उपायुक्त ने मंडियों में धान लाने वाले सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज को सुखाकर और साफ कर ही मंडियों में लाएं, ताकि उसे बेचने में कोई कठिनाई न हो।