315-भारी मात्रा में अफीम की तस्करी करता एक आरोपी करनाल पुलिस ने किया गिरफ्तार
असंध। कैथल रोड पर एक निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास कार चालक को तीन किलो अफीम के साथ काबू किया है। आरोपी ने अचार के डिब्बों में अफीम छिपाई थी। पुलिस ने आरोपी को गाड़ी सहित काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि वह सरकारी गाड़ी में एएसआई भल्लेराम आदि के साथ खड़े थे। तभी सूचना मिली कि आरोपी गुरजंट सिंह पेहवा से अफीम खरीदकर राजौंद की तरफ से असंध की तरफ आएगा। टीम द्वारा गांव खेड़ी सर्फली के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर नाकाबंदी की तो कुछ देर बाद उपरोक्त गाड़ी को रुकवाकर ड्राइवर से पूछताछ की। जिसने अपना नाम गुरजंट सिंह बताया। गाड़ी की तलाशी लेने पर आरोपी की गाड़ी में रखे अचार के डिब्बों में पॉलिथीन में पैक हुई एक-एक किलोग्राम के तीन पैकेट, कुल तीन किलोग्राम अफीम बरामद की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने उपरोक्त अफीम पंजाब के किसी सन्नी नाम के व्यक्ति से मंगाई थी। जिसको कोई तीसरा व्यक्ति पेहवा में देकर गया था। आरोपी ने बताया कि उसने दो लाख रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से अफीम मंगाई है।