संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। बल्ला-गोली सड़क पर बाइक सवार एक युवक से तीन युवकों ने मारपीट कर एक लाख 45 हजार रुपये छीन लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भुसलाना निवासी युवक विजयपाल ने बताया कि जब वह बल्ला से गोली की ओर जा रहा था तो रास्ते में मोटरसाइकिल में पंक्चर हो गया। जब वह मोटरसाइकिल पैदल लेकर जा रहा था तो पोल्ट्री फार्म के पास तीन युवक उसका मुंह दबाकर साथ लगते खेत में ले गए और उसके साथ मारपीट की। जहां तीनों युवकों ने उसकी जेब से एक लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए।
लूटपाट की वारदात के बाद युवक बेहोश हो गया। जिसे उपचार के लिए मूनक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पिता ने 112 पर डायल कर पुलिस को उसके साथ हुई लूटपाट की सूचना दी। पुलिस ने विजयपाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बल्ला पुलिस चौकी इंचार्ज श्याम सुंदर ने बताया कि युवक ने छीनाझपटी वह मारपीट करने की शिकायत दी है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।