करनाल में ट्रेन से कटकर मणिपुर के जवान की मौत हो गई। स्टेशन पर चलती रेलगाड़ी में चढ़ते समय पैर फिसल गया, जिससे ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। वह पटियाला में तैनात था। शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर जा रहा था।
हरियाणा के करनाल में रेलवे स्टेशन पर सेना के जवान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह सब्जी-पूड़ी लेने उतरा था। तभी ट्रेन चल पड़ी। जैसे ही वह सब्जी-पूड़ी लिए ट्रेन में चढ़ने लगा अचानक पैर फिसल गया और ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फंस गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार वीर बहादुर पटियाला में तैनात था और घर में होने वाले शादी समारोह में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर मणिपुर जा रहा था, लेकिन करनाल में हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए। जीआरपी पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई और जवान के शव को ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच से निकलवाया।
फिर उसके शव को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया। जीआरपी ने जवान के पास मिले मोबाइल नंबरों के माध्यम से मणिपुर में परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद वे मणिपुर से करनाल के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
विज्ञापन
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जवान खाने का सामन लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा था। इतने में ट्रेन चल पड़ी और चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त उसका पैर फिसल गया। जिससे वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आ गया और उसकी मौत हो गई। - महावीर सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी, करनाल