करनाल। प्रेमिका ने शादी से इंकार किया तो प्रेमी ने फंदा लगाकर जान दे दी। करीब 15 वर्ष से दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था और शादी करने जा रहे थे। इस दौरान अचानक प्रेमिका के परिजनों ने शादी कराने से इंकार दिया, इस पर प्रेमी ने जान दे दी। युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए प्रेमिका और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सदर बाजार के दराबी लाइन निवासी मंगत ने बताया कि वह चार भाई हैं। जिसमें से 30 वर्षीय छोटा भाई हन्नी मदर डेयरी आइसक्रीम फैक्टरी में काम करता था। वह काफी समय से परेशान चल रहा था। 29 मार्च को वह फैक्टरी गया था। अगले दिन उन्हें पता चला कि हन्नी ने फंदा लगाकर फैक्टरी में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक युवक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद किया। आरोप है कि हन्नी का आंबेडकर नगर निवासी एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। हनी ने शादी करने के लिए सामान भी खरीद लिया था। कुछ दिनों बाद दोनों की शादी भी होनी थी, मगर युवती के घर वालों ने शादी करने से इंकार कर रिश्ता तोड़ दिया। जिसकी वजह से हन्नी काफी तनाव में रहने लगा। बाद में युवती भी पैसों के लिए उसे ब्लैकमेल करने लगी। यह हन्नी ने अपने दोस्तों को बताया था। युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।