संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मेरठ रोड पर गांव चुंडीपुर स्थित शराब ठेके के कारिंदे की सोमवार रात करीब 9 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। कारिंदे का शव ठेके के अंदर लहूलुहान मिला। ठेके के गेट पर अंदर से ताला भी लगा था। सूचना मिलने पर कुंजपुरा व सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी विजय देसवाल भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर जांच की गई। हत्या किसने और क्यों की, अभी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
शराब ठेके पर काम करने वाले राजेंद्र ने बताया कि उसका काम सभी ठेकों से रुपए एकत्र करने का है। उसके पास रात करीब 9 बजे एक दोस्त का फोन आया। उसने बताया कि तुम्हारे ठेके पर कारिंदे को चोट लगी है और वह अंदर ही है। इसके बाद उसने अपने अन्य साथी अमरजीत सहित अन्य को फोन किया और मौके पर आकर देखा तो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव त्रिलोकचंद पुर निवासी मोनू का शव ठेके के अंदर लहूलुहान पड़ा था। मोनू की गर्दन पर गोली लगी थी और शराब के ठेके में रखा कैश भी कम था।
ठेके पर मिले 4800 रुपए
राजेंद्र ने बताया कि ठेके पर रोज 15 से 20 हजार रुपए की बिक्री होती है लेकिन अब ठेके पर करीब 4800 रुपए मिले हैं। अनुमान है कि किसी ने लूट के इरादे से ही वारदात को अंजाम दिया है। लेकिन 4800 रुपये क्यों छोड़े, यह बात समझ में नहीं आ रही है।
पहले भी चल चुकी गोली
राजेंद्र ने बताया कि करीब एक महीना पहले गांव शुभरी के समीप उनके दो कर्मचारियों पर बाइक सवार ने गोली भी चलाई थी, क्योंकि वह ठेकों से कैश लेकर जा रहे थे। बदमाश वह कैश लूटना चाहते थे लेकिन बदमाश कैश लूटने में नाकाम रहे। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है लेकिन अभी तक बदमाश पकड़े नहीं गए।
गांव चुंडीपुर स्थित शराब ठेके के अंदर कारिंदे का शव लहूलुहान पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच की गई। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि कारिंदे की गर्दन में गोली मारी गई है। फिलहाल जांच की जा रही है।
तरसेम कांबोज, प्रभारी सदर थाना करनाल