माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गांव औंगद में ट्रांसफार्मर बदलने के एवज में जनस्वास्थ्य विभाग के लाइनमैन को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है, जिसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस इंस्पेक्टर जयसिंह ने बताया कि गांव बालू के पूर्व सरपंच गुरलाल सिंह ने रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार 23 जनवरी को गांव की हरिजन चौपाल के पास स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। जिसे बदलने के लिए जेई का कार्यभार संभाल रहे लाइनमैन गांव खेड़ा वासी अमित कुमार ने उनसे पांच हजार रुपये मांगे। जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो उससे कहा गया कि गांव में लोगों से एकत्रित करके राशि दी जाएगी। इसके बाद वीरवार को लाइनमैन को गांव औंगद में यह राशि देने के लिए बुलाया। यहां निरीक्षक सचिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाने में लाने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।