करनाल। कोरोना दोबारा से पांव पसारने लगा है। शनिवार को कोरोना और ब्लैक फंगस का एक-एक मरीज मिला है वहीं चार मरीजों ने कोरोना को हराया भी। कोरोना के केस बढ़ने का मुख्य कारण लापरवाही है। ज्यादातर लोगों ने मास्क लगाना ही बंद कर दिया है। शहर हो या गांव कहीं भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा। सीएमओ डा. योगेश शर्मा ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। कहा कि सावधानियां बरतकर ही हम संक्रमण फैलने से रोक सकते हैं।
सिविल सर्जन ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का पालन सभी करें तो कोरोना पर लगाम लग सकती है। तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी होगी। यदि जरूरी हो तो तभी घर से निकले। घर से बाहर निकलते समय हमें सावधानियां बरतनी है। चेहरे को मास्क या कपड़े से अच्छी तरह ढक कर घर से बाहर निकले। दुकानों में अनावश्यक चीजें ना छूएं और दो गज की दूरी का विशेष ध्यान रखें। एटीएम इस्तेमाल से पहले तथा बाद में हाथों को सैनिटाइजर करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही बचाव है, इसलिए हमें बचाव के लिए हिदायतों की पालन करना होगा।
27 मरीज लड़ रहे कोरोना से जंग
अभी तक जिले में 434833 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए, इनमें से 394448 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है और 39971 की पॉजिटिव आई है। इनमें से 39395 मरीज ठीक होकर घर चले गए। फिलहाल 27 मरीज कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। अभी तक 549 लोगों की जान जा चुकी है। जिला का पॉजिटिविटी रेट 7.26 प्रतिशत और रिकवरी रेट 98.56 प्रतिशत तथा मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है। ब्लैक फंगस की बात करें तो अभी तक 261 केस सामने आ चुके हैं। 72 मरीजों को रेफर किया गया है। 68 मरीजों की मौत हो चुकी है।