रिद्धि फोर का सेक्टर 12 में हुआ भव्य स्वागत।
- फोटो : अमर उजाला
11 से 19 नवंबर तक बांग्लादेश के ढाका में आयोजित हुई 22वीं अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप में हरियाणा के करनाल जिले की तीरंदाज रिद्धि ने रजत पदक जीत कर देश और जिले का नाम रोशन किया है। एशियन चैंपियनशिप में रिद्धि के शानदार प्रदर्शन पर शहरवासियों और परिजनों ने सेक्टर 12 से विजय मार्च निकाला जो सीएचडी सिटी में आयोजित एक सम्मान समारोह तक पहुंचा। जहां रिद्धि का सीएचडी सिटी रेजिडेंट्स गुरविंदर कौर, अश्वनी भारद्वाज, ध्वज कुमार, सोहेल, डीके सिकरी, राजकुमार सुखदेव, तनु रानी, विनय दलाल आदि स्वागत किया।
छोटी उम्र में ही छह अंतरराष्ट्रीय व 51 राष्ट्रीय पदक हासिल करने वाली रिद्धि फोर सीनियर निशानेबाजी के मुकाबलों में भी पदक जीत चुकी हैं। तीरंदाजी में अचूक निशाना साधने में माहिर रिद्धि ने 15 वर्ष की उम्र में इंटरनेशनल स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उसने शूटिंग को अपना शौक बनाकर आठ वर्ष की उम्र में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया था।
दस साल की उम्र में जीता था पहला स्वर्ण
सम्मान समारोह के दौरान 17 वर्षीय रिद्धि ने बताया कि 2012 में शुरुआती ट्रेनिंग के बाद 2014 में आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित अंडर-14 मुकाबलों में उसने गोल्ड मेडल हासिल किया। 2015 में विशाखापट्टनम में दो ब्रांज, अंडर-18 में सिल्वर व ब्रांज, आंध्र प्रदेश तिरुपति में 2016 में तीन गोल्ड, उड़ीसा भुवनेश्वर में आयोजित अंडर-17 के मुकाबले में दो गोल्ड व दो सिल्वर, स्कूल नेशनल गेम्स में चार गोल्ड व एक सिल्वर, 2016-17 में महाराष्ट्र में मेडल, फरीदाबाद में सीनियर नेशनल तीरंदाजी में ब्रांज, 2017-18 में स्कूल नेशनल गेम्स में दो गोल्ड, एक सिल्वर, 2018-19 में फिलिपींस एशिया कप में दो ब्रांज, ताईवान में आयोजित मुकाबलों में सिल्वर व ब्रांज और बांग्लादेश में आयोजित प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल किया।
यह भी पढ़ें : हरियाणा: परिवहन विभाग खरीदेगा 500 नई बस, कर्मचारियों को तीन साल का बोनस भी मिलेगा
कामयाबी पर परिवार में खुशी
विश्व स्तर पर कामयाबी हासिल करने में रिद्धि की मेहनत के साथ-साथ माता-पिता का भी पूरा सहयोग रहा है। पिता मनोज फोर ने नौकरी छोड़ दी, जबकि मुकाबलों में मां पिंकी अधिकतर रिद्धि के साथ रहती हैं। रिद्धि ने बताया कि देश के लिए मेडल जीतने का सपना है। अपनी कामयाबी की बदौलत यह संभव करके दिखाऊंगी।
रिद्धि के सपनों को पूरा कराने में हर संभव मदद करेंगे : हरविंद्र कल्याण
करनाल। सीएचडी सिटी में उनके निवास स्थान पर पहुंचने पर घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण व मेयर रेनू बाला गुप्ता ने स्वागत कर उन्हें जीत के लिए बधाई दी। मिठाई खिलाकर रिद्धि का हौंसला बढ़ाया। विधायक ने कहा कि हमारे घरौंडा की शान रिद्धि ने पूरे देश में अपनी मेहनत का परचम लहराया है। रिद्धि से चर्चा करके उसे उसके मकसद में कामयाबी के लिए जो जरूरत है, उन्हें मुख्यमंत्री से बात करके पूरा करने की कोशिश करेंगे।