माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। युगांडा के कंपाला में 16 से 21 नवंबर के बीच आयोजित पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल-2021 में करनाल के खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया है। यहां के कोच नितेश कुमार ने पुरुष एकल एसएल 3 में कांस्य पदक तो महाराष्ट्र के खिलाड़ी सुकांत कदम के साथ डबल एसएल3 व एसएल4 में भी कांस्य पदक हासिल किया है। अब चौथी राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 24 से 26 दिसंबर को भुवनेश्वर में होगी।
खेल और युवा मामले विभाग के वरिष्ठ कोच व बैडमिंटन खिलाड़ी नितेश कुमार ने युगांडा के कंपाला में आयोजित युगांडा पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2021 में भाग लिया। सीनियर कोच नितेश ने बताया कि प्रतियोगिता में 54 सदस्यीय टीम ने सहभागिता की थी। उन्होंने पुरुष एकल एसएल 3 में कांस्य पदक हासिल किया है। जबकि पुरुष डबल में उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाड़ी सुकांत कदम के साथ खेला था। इसमें भी कांस्य पदक हासिल किया है। चरखी दादरी निवासी सीनियर कोच नितेष कुमार ने 2018 में बैंडमिटन खिलाड़ी व डिप्टी डायरेक्टर राकेश पांडेय के नेतृत्व में प्रशिक्षण लिया था। आज भी उनसे प्रशिक्षण लेते रहते हैं। 2020 में बतौर करनाल में कोच ज्वाइन किया था।
खिलाड़ियों के होटल के पास हुए था आत्मघाती हमला
युगांडा में 17 नवंबर को भारतीय खिलाड़ियों के होटल के पास ही दो आत्मघाती हमले हुए थे। युगांडा की सेना भारतीय खिलाड़ियों की सुरक्षा में पहले से ही होटल व खेल मैदान में तैनात थी। लेकिन आत्मघाती धमाके के बाद होटल पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।