कॉलेजों के नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले जिले को सबसे बड़े एवं पहले मल्टीपरपज ऑडिटोरियम की सौगात मिलेगी। पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज में सभागार बनकर तैयार हो चुका है। जल्द मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसका उद्घाटन करेंगे। सभागार मिलने के बाद यूथ फेस्टिवल जैसे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करनाल में हो सकेंगे।
एसी सभागार की खास बात यह है कि इसमें एक साथ 1500 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इसके अलावा मल्टी यूज स्टेज, साउंड और कास्टिक सिस्टम की सुविधा भी दी गई है। इससे अंदर की आवाज बाहर नहीं जाएगी और न ही बाहर का शोर अंदर सुनाई देगा। मुख्य स्टेज के सामने की जगह पर कुर्सियां स्थायी तौर पर नहीं लगाई गई हैं। ऐसे में इंडोर खेलों के लिए भी इस जगह का इस्तेमाल हो सकेगा। खासकर बैडमिंटन कोर्ट बनाने के लिए फिटिंग भी की जाएगी। ताकि जरूरत के समय पाइप व नेट लगाकर प्रतियोगिता कराई जा सके। बालकॉनी की कुर्सियां फिक्स हैं। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ यशपाल कांबोज के अनुसार, स्टेज पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के तैयार होने व विश्राम के लिए तीन कमरे भी बनाए गए हैं। सभागार के निर्माण में करीब आठ साल का समय लगा है।
किसी भी राजकीय कॉलेज में नहीं है सभागार
जिले में 10 राजकीय कॉलेज हैं। इनमें से किसी भी कॉलेज में सभागार नहीं है। केवल केवीए डीएवी महिला महाविद्यालय और दयाल सिंह कॉलेज में सभागार है, लेकिन उसमें भी बैठने की क्षमता इतनी ज्यादा नहीं है। इसमें भी केवल कॉलेज के ही कार्यक्रम आयोजित होते हैं। अन्य कॉलेजों में बड़े आयोजन मैदान में टेंट लगाकर ही आयोजित किए जाते हैं। वहीं शहर में एनडीआरआई और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज का अपना सभागार है। इसके अलावा डॉ. मंगलसेन सभागार में अब तक 1000 लोगों के बैठने की क्षमता है।
20 साल में दो बार हुआ युवा महोत्सव
जिले में पिछले 20 साल में केवल दो बार ही युवा महोत्सव का आयोजन हुआ। 2006 में गुरु नानक खालसा कॉलेज में युवा महोत्सव हुआ था। इसके बाद 2019 में डीएवी पीजी कॉलेज में यह आयोजन हुआ। ये कार्यक्रम में भी टेंट लगाकर ही किए गए थे। जबकि ज्यादातर आयोजन पानीपत के कॉलेजों के सभागार में ही होते आए हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से छोटे कार्यक्रम ही यहां किए जाते रहे हैं।
कलरफुल फाउंटेन बढ़ाएगा सुंदरता
सभागार के सामने कलरफुल लाइटों से लैस फाउंटेन भी लगाया जाएगा। यह फाउंटेन रात के कार्यक्रमों में शोभा बढ़ाएगा। सभागार तैयार है, केवल पीडब्ल्यूडी की ओर से महाविद्यालय को सौंपा जाना बाकी है। जल्द मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। निर्माण में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत आई है।
- डॉ. रेखा शर्मा, प्रिंसिपल, पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज