नए खुले छह कन्या महाविद्यालयों में से असंध के जयसिंहपुरा और जुंडला महाविद्यालय के भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सीएम मनोहर लाल जल्द इनका उद्घाटन करके विद्यार्थियों को समर्पित करेंगे। इसके अलावा तरावड़ी, पाढ़ा और बसताड़ा कॉलेज के भवन निर्माण कार्य भी मार्च अंत तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। बुधवार को उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने धीमी गति से चलने वाले प्रोजेक्ट पर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यालय स्तर पर लंबित फाइलों के फॉलोअप लेने के लिए कहा। उपायुक्त ने बताया कि करनाल-मेरठ रोड के फ्लाईओवर का कार्य इसी महीने में पूरा होगा जबकि सड़क का 6 और 4 लेन का कार्य 16 फरवरी तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इंद्री के शहीद ऊधम सिंह महिला कॉलेज परिसर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल का कार्य भी इसी महीने के अंत तक पूरा होने की संभावना है। ब्यूरो
नीलोखेड़ी और निगदू में बस अड्डा निर्माण का रास्ता साफ
-नीलोखेड़ी में नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए हाईवे पर स्थित पुलिस थाना के साथ लगती दो एकड़ जमीन गृह विभाग से परिवहन विभाग को ट्रांसफर हो गई है। बस अड्डे में प्रवेश संधीर रोड की तरफ से और निकासी नेशनल हाईवे की तरफ से होगी। यहां एक निजी प्लॉट मालिक से जगह खरीदने के लिए एसडीएम करनाल की अध्यक्षता के कमेटी बनाई है। कमेटी प्लॉट मालिक से बातचीत के बाद ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से खरीद कराएगी। इसी तरह निगदू में नए बस अड्डे के निर्माण के लिए छह कनाल भूमि हरियाणा राज्य परिवहन को ट्रांसफर हो गई है। वहीं तरावड़ी का बस अड्डा बनकर तैयार है। प्रवेश के लिए हाईवे पर कुछ वृक्षों को हटाने के लिए वन विभाग से स्वीकृति मिल गई है।
कितने बने, कितने अधूरे-
- तीन कॉलेज भवन : पाढ़ा में कॉलेज के भवन के निर्माण में आरसीसी कॉलम सहित कुल 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। तरावड़ी में निर्माण कार्य मार्च तक पूरा होगा। बसताड़ा में कॉलेज के भवन का कार्य 30 प्रतिशत लंबित है।
- मेडिकल यूनिवर्सिटी : कुटेल में पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसिस में 750 बेड के अस्पताल, अकादमिक विंग, प्रशासनिक खंड, पुस्तकालय, होस्टल और आवासीय क्वाटर बनने का 50 प्रतिशत कार्य हुआ है।
- तीन विश्राम गृह : आईटीआई चौक के पास बनने वाले लोक निर्माण विभाग का नए रेस्ट हाउस का ले-आउट प्लान स्वीकृत हो गया है। रेस्ट हाउस साइट की परिधि में जो सरकारी मकान आ रहे हैं, उन्हें खाली कराया जाएगा। नीलोखेड़ी के रेस्ट हाउस का फाउंडेशन वर्क प्रगति पर है और निसिंग रेस्ट हाउस की तीन साइड की बाउंड्रीवॉल बनी है।
- प्रशिक्षण केंद्र : बसताड़ा में स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र बनेगा। पंचायती राज विभाग की ओर से 3.20 करोड़ रुपये का संशोधित अस्टीमेट सरकार को भेजा हुआ है।
- खेल : कर्ण स्टेडियम में बनने वाले छह बैडमिंटन कोर्टस की ड्राइंग स्वीकृत हो गई है। सिविल वर्क का आठ करोड़ का अस्टीमेट बना है। स्टेडियम में अभिमन्यु स्केटिंग रिंग को तोड़ा जाएगा। इसके सिविल व इलेक्ट्रिकल कार्य का अस्टीमेट पीडब्ल्यूडी 25 जनवरी तक देगा।