माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जिसमें हिस्सा लेकर वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी जीत सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय का इनोवेशन सेल, अखिल भारतीय परिषद के समन्वय में तकनीकी शिक्षा ने स्मार्ट इंडिया हैकथॉन 2022 लाॅंच किया है, जिसमें स्कूली छात्र अपने विचारों और अवधारणाओं को प्रस्तुत करके भाग ले सकते हैं।
इसके तहत साइबर सुरक्षा, अक्षय ऊर्जा, स्मार्ट शिक्षा और तकनीक सहित कुल 20 विषयों पर विद्यार्थियों को आइडिया देते हुए प्रस्तुति देनी होगी। सीबीएसई ने संबंधित सभी स्कूलों को भी पत्र जारी करके विद्यार्थियों की प्रतिभागिता के लिए निर्देश दिए हैं। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन जूनियर कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए है। यह एक ओपन इनोवेशन स्टूडेंट कैटेगरी है। स्कूल पंजीकरण 31 मार्च तक वेबसाइट पर खुला है, स्कूल पोर्टल के माध्यम से अपनी टीम का नामांकन कर सकता है। सभी स्टूडेंट्स आउट ऑफ द बॉक्स ओपन इनोवेटिव आइडियाज तैयार करेंगे। स्कूल फैकल्टी के लिए सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टेक्ट पंजीकरण एसआईएच पोर्टल (www.sih.gov.in) पर खुला है। सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टेक्ट एसआईएच की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध खिलौने, स्वास्थ्य देखभाल, स्मार्ट शिक्षा आदि सहित विभिन्न विषयों के लिए स्कूल छात्र टीमों को नामांकित कर सकता है।
मंत्रालय और विभागों की समस्या का हल करने में मिलती है मदद
स्मार्ट इंडिया हैकथॉन एक पहल है जिसमें स्कूल और कॉलेज के छात्र विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सामने आने वाली चुनौतियों और वास्तविक जीवन की समस्याओं को अपने आइडिया से हल करते हैं। मिनिस्ट्री ऑफ एजूकेशन 5वीं स्मार्ट इंडियन हैकथॉन-2022 आयोजित करने जा रहा है। यह आयोजन सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन एमओई, इनोवेशन सेल और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सहायता से करवाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य नई सोच को बढ़ावा देना है। यह आयोजन जूनियर और सीनियर श्रेणी में होगा। जूनियर श्रेणी में छठी से 12 वीं और सीनियर श्रेणी में ग्रेजुएट एंड पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट्स शामिल होंगे।
मोड ऑफ हैकथॉन
- प्री-स्क्रीनिंग और फिनाले मूल्यांकन ऑनलाइन मोड के माध्यम से करवाया जाएगा।
- विजेता टीमों को भौतिक नोडल केंद्रों पर सम्मानित किया जाएगा।
- ग्रैंड फिनाले की संभावित ऑनलाइन मोड में जून माह और सम्मान समारोह जुलाई माह के दूसरे व तीसरे सप्ताह में होगा।
इन विषयों पर विद्यार्थी देंगे इनोवेटिव आइडिया
विद्यार्थी इनोवेटिव आइडिया अक्षय, स्थाई ऊर्जा, ब्लॉक चेन और साइबर सुरक्षा, स्मार्ट शिक्षा, आपदा प्रबंधन, स्मार्ट ऑटोमेशन, विरासत और संस्कृति, मेड टेक, बायोटेक, स्वास्थ्य तकनीक, कृषि, खाद्य तकनीक और ग्रामीण विकास, स्मार्ट वाहन, परिवहन और रसद, रोबोटिक्स और ड्रोन, स्वच्छ और हरित ऊर्जा, पर्यटन, स्मार्ट वाहन, खिलौने व विविध विषयों पर दे सकते हैं।
पोर्टल पर प्रकाशित किया जाएगा परिणाम
प्रति थीम पांच विजेता टीम का चयन किया जाएगा और परिणाम पोर्टल पर प्रकाशित किया जाएगा। 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से आवंटित नोडल केंद्र पर सम्मानित किया जाएगा। उत्पादकता, व्यवहारिकता, नवीनता तथा मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा स्वीकृत विचार के आधार पर विजेता टीमों की संख्या पांच से कम हो सकती है।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल