करनाल। एक व्यक्ति को जर्मनी भेजने के नाम व वीजा बनवाकर देने के नाम पर 15.50 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। जिसे विदेश जाना था, उसकी मृत्यु होने के बाद भी आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर लिए गए रुपये वापस नहीं किए तो महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नीलोखेड़ी के सावंत गांव निवासी सरोज बाला ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसका पति सतीश कुमार जर्मनी जाना चाहता था। कुरुक्षेत्र जिले के उमरी गांव निवासी कर्ण सिंह ने पति से संपर्क साधा और बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। सतीश से जर्मनी भेजने के नाम पर 15.50 लाख रुपये मांगे। वीजा बनवा कर देने की भी बात हुई तो सतीश तैयार हो गया। रुपये लेने के बावजूद वीजा नहीं बनवाया। इसके बाद जब रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। इस बीच सतीश दुर्घटना का शिकार हो गया। इसकी जानकारी देकर भी आरोपी से रुपये वापस मांगे लेकिन वह दो लाख रुपये मांगता रहा। 16 सितंबर 2020 को सतीश की मौत हो गई। अब भी आरोपी रुपये वापस नहीं कर रहा है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।