संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पोर्टल में तकनीकी खामी के चलते आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया के दूसरे दिन विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए, क्योंकि पोर्टल धीमा होने की वजह से विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए नंबर ही नहीं मिल पाया। इस वजह से अब तक एक भी आवेदन नहीं हो पाया है। अध्यापक जसविंद्र संधू ने बताया कि विभाग की ओर से दाखिले के लिए केवल ऑनलाइन प्रक्रिया रखी गई है। जिले में 14 कॉलेज हैं जहां दाखिला होना है। विद्यार्थी जल्द दाखिला लेने के प्रयास में हैं लेकिन पोर्टल पर लोड या अन्य तकनीकी दिक्कत के कारण समस्या आ रही है। जिससे ओटीपी नंबर तो मिल रहा है लेकिन फार्म भरने के लिए जो पंजीकरण नंबर अनिवार्य है वह नहीं मिल पा रहा। सोमवार से समस्या का निदान होने की संभावना है।
कॉलेज में बनाए तीन सहायता केंद्र
आईटीआई के शिक्षक ने बताया कि कॉलेज में विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए तीन सहायता केंद्र बनाए गए हैं। जहां वह दाखिला प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ले सकते हैं। जहां कम ही बच्चे पहुंचे हालांकि सोमवार से भीड़ होने का अनुमान है।
डिजिटल भुगतान में हो रही दिक्कत
ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया में फीस भी ऑनलाइन भरनी होती है। लेकिन ग्रामीण इलाके के विद्यार्थियों को इसके चलते दिक्कतेें उठानी पड़ रही हैं, क्योंकि अधिकतर बच्चे या उनके अभिभावक डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या पेटीएम इस्तेमाल नहीं करते।