करनाल में ओमिक्रॉन ने दस्तक दे दी है। करनाल में पुर्तगाल से आए 33 वर्षीय व्यक्ति में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। पिछले चार दिन से यह व्यक्ति कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के आईसोलेशन वार्ड में दाखिल है। वहीं, इस व्यक्ति का छह साल का बेटा भी कोरोना पॉजिटिव है। जिसका सैंपल भी दिल्ली भेजा गया है। जिसकी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।
दूसरी ओर पानीपत में यूके से लौटी युवती और उनके पिता के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद 16 दिसंबर को सैंपल लिया गया था। उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग की जांच के लिए सैंपल दिल्ली भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई है। इस संबंध में दिल्ली स्थित लैब से स्वास्थ्य विभाग को फोन से जानकारी दी गई। हालांकि राहत वाली बात यह है कि दोनों लोगों की इस समय की रिपोर्ट निगेटिव है। दोनों लोग आइसोलेशन में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं।
बुधवार दोपहर ही हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने जानकारी दी थी कि हरियाणा निवासी छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। तीन गुरुग्राम निवासी दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं। ये विदेश से लौटने के बाद घर नहीं पहुंचे। इनके संक्रमित होने की पुष्टि दिल्ली में ही हो गई। प्रदेश में अभी तक ओमिक्रॉन का एक भी केस सामने नहीं आया है।