संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे स्थित सेंट्रल वेयर हाउस गोदाम के समीप हीरो कंपनी की एजेंसी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां और थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
एजेंसी मालिक के अनुसार आग लगने से 11 मोटरसाइकिल व स्कूटर सहित काफी सामान जल गया है। जिससे उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे टीवीएस एजेंसी के मालिक ने पड़ोस में हीरो की एजेंसी से धुआं निकलते देखा तो उसने एजेंसी मालिक राजीव को फोन पर सूचना दी। जिसके बाद राजीव मौके पर पहुंचा और फायर कर्मियों को सूचना दी। काफी देर बाद फायर कर्मियों ने तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से आग पर काबू पाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमाद्री कौशिक मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आठ स्कूटर और तीन मोटरसाइकिल जलीं
एजेंसी मालिक राजीव के अनुसार उनके परिवार में शादी थी। इसलिए वे एजेंसी में सफाई करवा कर तहसील कार्यालय में निजी काम से चले गए थे। करीब साढ़े 11 बजे उन्हें पड़ोसी सुमित ने फोन पर सूचना दी कि एजेंसी में आग लग गई है। आग लगने के कारण आठ स्कूटर व तीन मोटरसाइकिलें जल गई हैं। इसके अलावा एजेंसी में मौजूद पांच कंप्यूटर, पांच लैपटॉप, चार एसी, फर्नीचर व अन्य स्पेयर पार्ट पूरी तरह जल चुके हैं।
तरावड़ी और करनाल से भी मंगानी पड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
फायरमैन कुलदीप के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि करनाल और तरावड़ी से भी गाड़ियां मंगवानी पड़ीं। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद तीन गाड़ियों व चार फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
नियमानुसार की जाएगी कार्रवाई
आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटनास्थल पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया है। एजेंसी मालिक ने फिलहाल शिकायत नहीं दी है। शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सचिन, थाना प्रभारी इंद्री