61: लघु सचिवालय में प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन चढूनी के लोग। अमर उजाला।
करनाल। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी ग्रुप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुआवजे की मांग को लेकर लघु सचिवालय में रोष प्रदर्शन किया। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट मयंक भारद्वाज को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पिछले दिनों खराब हुई फसलों का मुआवजा मांगा। किसानों के प्रदर्शन के चलते लघु सचिवालय में पुलिस बल तैनात रहा। मुख्य प्रवेश द्वार से जब प्रदर्शनकारी उपायुक्त कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद किसान सचिवालय परिसर स्थित पार्क में एकत्रित हुए और नारेबाजी की।
भाकियू जिलाध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि पिछले दिनों सर्दियों में बारिश से निचले इलाकों में आलू, सरसों, गेहूं, कपास व अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ था। यूनियन ने विशेष गिरदावरी करवाकर नुकसान का आकलन कर मुआवजे की मांग की थी, लेकिन अब तक सरकार की ओर से किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया। खराब फसलों के आकलन के लिए की गई गिरदावरी से भी किसान असंतुष्ट हैं। बहुत सी जगह फसलें खराब हुई थीं और उसे गिरदावरी में दर्ज नहीं किया गया, जिस कारण प्रदेश में कई जगहों पर किसान तहसील कार्यालयों पर धरना दे रहे हैं। राणा ने सरकार से अपील की है कि किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। अन्यथा किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों के सामने विकट स्थिति बनी हुई है। उन्हें अपना भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। इस मौके पर सुक्रम पाल, गुरजंट सिंह, भरत सिंह, जसविंद्र सिंह, राहुल गोयत कलसौरा व अन्य मौजूद रहे।