संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अशोक नगर कॉलोनी स्थित एक डोना निर्माण इकाई में काम करने वाले युवक की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सोमवार को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को कॉलोनी की गली में रखकर रोष जताया। उन्होंने कई आरोप लगाते हुए युवक की मौत के मामले में जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। कई घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार किया। सूचना मिलते ही थाना सिटी प्रभारी कमलदीप राणा व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
मूल रूप से बिहार के बरौनी क्षेत्र निवासी फूलिया देवी का परिवार कई वर्षों से अशोक नगर में रहता है। उसका बेटा राजा इसी कॉलोनी स्थित डोना बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। परिवार के सदस्यों ने आशंका जताई कि करंट लगने से उसकी मौत हुई है। परिजन विलाप करते रहे। पुलिस के समझाने के बाद वे संस्कार के लिए राजी हुए।
थाना प्रभारी कमलदीप राणा का कहना है कि मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। विसरा जांच के लिए मधुबन स्थित एफएसएल में भेज दिया है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।