माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से अध्यापक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए अध्यापक 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय अध्यापकों को नियमानुसार अपनी उपलब्धियों का जिक्र करना होगा। इसके अलावा सीबीएसई की ओर से आवेदन करने वाले अध्यापकों को वीडियो लिंक भी देने का निर्देश दिया गया है।
पीजीटी अध्यापकों को उनकी ओर से यू-ट्यूब पर अपलोड किए गए 30-30 मिनट के दो वीडियो ग्राफ लेसन का लिंक देना होगा। इसमें खुद पढ़ाते हुए और विषय प्लान भी देना होगा। टीजीटी के अध्यापकों को दो अलग विषयों के चैप्टर प्लान का लिंक देना होगा। पीआरटी अध्यापक को दो अलग टॉपिक पर बनाई वीडियो और चैप्टर प्लान देना होगा। स्पेशल एजूकेटर को भी विशेष बच्चों को पढ़ाते हुए 30 मिनट के वीडियो का यू-ट्यूब लिंक देना होगा।
एक अध्यापक एक श्रेणी में ही करेगा आवेदन
अवॉर्ड के लिए एक आवेदक एक ही श्रेणी में आवेदन कर सकता है। बोर्ड की ओर से देशभर से 32 अध्यापकों का चुनाव अवॉर्ड के लिए किया जाएगा। इसमें प्राइमरी स्कूल के अध्यापक से लेकर प्रिंसिपल तक को अवॉर्ड दिया जाएगा। इच्छुक अध्यापक सीबीएसई की साइट पर आवेदन कर सकते हैं। जनरल और विशेष वर्ग के आधार पर ही अध्यापकों का चुनाव होगा। जनरल में 10 प्वाइंट रखे हैं, जबकि विशेष क्राइटेरिया में विषयों के अनुसार अलग-अलग प्वाइंट रखे गए हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर अवॉर्ड दिया जाएगा। इसके लिए सीबीएसई ने अध्यापकों से वीडियो लिंक मांगा है। शिक्षक 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं। एक शिक्षक केवल एक ही श्रेणी के लिए आवेदन कर सकता है।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कांप्लेक्स