फर्कपुर क्षेत्र के तिलक नगर में पीएनटीडी की टीम ने आरएमपी डॉक्टर दंपती को महिला का गर्भपात करने के आरोप में रंगे हाथ काबू किया। आरोप है कि दंपती अपने क्लीनिक में एक महिला का गर्भपात कर रहे थे। 60 प्रतिशत गर्भपात कार्य हो चुका था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कोरोना टेस्ट के लिए नमूने लिए। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
डॉ. विजय परमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी तिलकनगर कॉलोनी में एक दंपती डॉक्टर अपने क्लीनिक में महिलाओं का गर्भपात करने का काम करते हैं। इस पर उन्होंने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए योजना बनाई। डॉ. विजय परमार ने बताया कि इसके लिए उन्होंने एक गर्भवती महिला को बोगस ग्राहक बनाया। टीम में डॉ. विजय परमार के साथ डॉ. नैनी और फर्कपुर पुलिस को शामिल किया गया। महिला ने दंपती डॉक्टर को बताया कि उसके पास एक लड़का और लड़की है। वह और बच्चा नहीं चाहती। लेकिन वह गर्भ से है। यह बात बताकर दंपती डॉक्टर महिला का गर्भपात करने को राजी हो गए। जब दंपती डॉक्टर महिला का गर्भपात करने लगे तो महिला ने टीम को इशारा कर दिया। जिसके बाद डॉक्टरों की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि महिला का 60 प्रतिशत गर्भपात हो चुका था, उसके ब्लीडिंग हो रही थी। टीम ने मौके से गर्भपात करने में इस्तेमाल औजार व दवाइयां बरामद कर आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।