संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने आईसीएसई कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित करने के एक सप्ताह बाद 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिया है। जिसमें बेटियों ने ही परचम लहराया है। जिले का एकमात्र आदर्श स्कूल की मेडिकल की छात्रा अंजली ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, मेडिकल की छात्रा अमनप्रीत कौर ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा परिणाम आने की सूचना पर सुबह से ही आदर्श स्कूल के विद्यार्थी कंप्यूटर पर दिनभर नजरें गड़ाए बैठे रहे। काफी इंतजार के बाद शाम पांच बजे बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर परीक्षा परिणाम जारी किया। जिसके बाद विद्यार्थियों ने अपना परिणाम देखना शुरू किया। जैसे-जैसे विद्यार्थी अपना परिणाम देखते जा रहे थे, वैसे-वैसे जश्न का माहौल बनता जा रहा था।
खुशी सांगवान ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल की चेयरपर्सन हरजीत कौर ने सफलता का श्रेय अध्यापकों व विद्यार्थियों की मेहनत को दिया और कहा कि मन की इच्छा से नहीं, परिश्रम से ही कार्य सिद्घ होते हैं। निदेशक मनसिमर सिंह और संयुक्त निदेशिका एना ने परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा का सपना : अंजली
मेडिकल की छात्रा अंजली ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंजली ने बताया कि उसका सपना डॉक्टर बनकर मरीजों की सेवा करने का है। उसने इसके लिए दिन-रात मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया है।
आई सर्जन बनने का सपना : अमनप्रीत
मेडिकल की छात्रा अमनप्रीत कौर ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अमनप्रीत कौर ने बताया कि देश में करोड़ों लोग दृष्टिहीनता की बीमारी से पीड़ित हैं। ऐसे में वह आई सर्जन बनना चाहती है। जिससे वह ऐसे लोगों की दुनिया में रोशनी भरने का काम कर सके।