करनाल में अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर दो युवकों ने शिक्षिका पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। शिक्षिका स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। यह वारदात ताऊ देवी लाल चौक के पास हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार महिला ताऊ देवी लाल चौक के पास स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। वह बुधवार को रोजाना की तरह स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने घर जा रही थी। इसी दौरान उसका पीछा करते हुए दो युवक आए और उस पर टिप्पणी करने लगे। महिला काफी देर तक तो चुप रही लेकिन आरोपी युवक काफी दूर तक महिला के पीछे-पीछे करते चलते रहे।
इसके बाद जब महिला ने उनका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। फिर आक्रोशित महिला ने उनमें से एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद आरोपी युवक भड़क गए और सड़क पर पड़े ईंट-पत्थरों से महिला पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला लहूलुहान हो गई।
उसके सिर में भी गहरी चोट लगी है। आसपास के लोगों ने जब यह देखा तो डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और घायल महिला को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
वारदात के बाद आरोपी युवक भाग निकले। जांच अधिकारी जितेंद्र का कहना है कि महिला के सिर में चोट लगी है। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि महिला ने तहरीर देने से इंकार कर दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्कूल से घर जाते समय ताऊ देवी लाल चौक के पास महिला पर हुए हमले का घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में खंगाला जा रहा है। पुलिस चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देख रही है। ताकि हमला करने वाले आरोपियों का पता चल सके। हालांकि पुलिस को अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका है।