हरियाणा के हिसार के स्याहड़वा गांव के पास बीएनसी माइनर के पंप हाउस में बुधवार को गठरी में बंधा युवक का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही मंगाली पुलिस चौकी मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। युवक की हत्या का अंदेशा है। शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए नहर में फेंका गया होगा। आजाद नगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्दबुर्द करने का केस दर्ज किया है।
सिंचाई विभाग के बेलदार सोमबीर ने बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे मंगाली चौकी पुलिस को सूचना देकर बताया कि युवक का शव पंप हाउस में अटका हुआ है। सूचना मिलने पर एएसआई शेरसिंह टीम समेत मौके पर पहुंचे और पानी से एक गठरी को बाहर निकाला।
पुलिस कर्मियों ने कंबल व चादर को खोलकर देखा तो करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला। उसके मुंह में चुन्नी डाल रखी थी और शव के साथ एक रस्सी पड़ी थी। पुलिस के अनुसार मृतक की छोटी दाढ़ी थी और उसने स्लेटी रंग की बनियान पहन रखा है।
मृतक के दोनों हाथों व एक पांव में काला डोरा बंधा है। पुुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा होगा कि उसकी हत्या कैसे की गई। आजाद नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया है।