हरियाणा के करनाल में गांव डबरी के समीप एक पेट्रोल पंप कर्मी को धक्का देकर मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाश 5.20 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पेट्रोल पंप मालिक व पुलिस को दी। कुंजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी कैमरों की भी फुटेज खंगाली है लेकिन अभी तक पुलिस को कोई अहम सुराग नहीं मिला है। गांव नगला मोड़ पर बंसी वाला पेट्रोल पंप पर एक 65 वर्षीय व्यक्ति रोशन लाल नौकरी करता है। रोशन लाल ने बताया कि पेट्रोल पंप पर शनिवार व रविवार को हुई सेल के करीब 5 लाख 20 हजार रुपये कैश बैग में डालकर दोपहर बाद वह कोऑपरेटिव बैंक कुंजपुरा में जमा करवाने के लिए जा रहा था।
बैग को उसने मोटर साइकिल के हैंडल पर लटकाया हुआ था। जब वह गांव जम्मू खाला से डबरकी गांव के बीच पहुंचा तो पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उसे रुकने का इशारा किया। जिस पर उसने मोटरसाइकल की रफ्तार कुछ धीमी की तो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसे धक्का मारकर गिरा दिया। इसी बीच धक्का-मुक्की कर बदमाश उसकी मोटरसाइकिल पर लटका बैग उससे छीन कर फरार हो गए। बैग में 5 लाख 20 हजार रुपये नकदी थी।
बुजुर्ग पेट्रोल पंप कर्मी रोशन ने बताया कि बदमाशों ने उसे धक्का देकर मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया था और उन्होंने मोटरसाइकिल से नोटों से भरा बैग भी उतार लिया था। इस दौरान उसने एक बदमाश की टांग को पकड़ा था ताकि वह भाग न पाए लेकिन उन्होंने उसे घसीट दिया और उसके हाथ पांव पर चोट लग गई। जिस कारण वह उन बदमाशों को रोक नहीं सकता।
पेट्रोल पंप के मालिक का कहना है कि इस वारदात में उसके किसी पेट्रोल पंप कर्मी का हाथ हो सकता है। क्योंकि किसी को नहीं पता था कि रोशन रुपये जमा कराने के लिए बैंक की ओर जा रहा है। रोशन लाल ने पेट्रोल पंप कर्मी की वर्दी भी नहीं पहनी हुई थी। इससे उसे शक है कि पेट्रोल पंप कर्मी द्वारा ही इस बात को किसी को बताया है तभी बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है लेकिन अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की अलग अलग टीमें आरोपियों की तलाश के सुराग जुटा रही है। -हिमाद्रि कौशिक, एएसपी करनाल।