फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दस दिन से लापता छात्र का शव गंदे नाले में मिला

Thu, 16 Feb 2017 12:03 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, करनाल
विज्ञापन
दस दिन से लापता छात्र का शव गंदे नाले में मिला - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
 कस्बे के वार्ड नं .17 से लगभग दस दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता पांच वर्षीय छात्र का शव गंदे नाले में नाले की सफाई के दौरान बरामद हो गया है। छात्र का शव मिलने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। सामाजिक संस्थाओं व आप कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नपा कार्यालय बंद होने के कारण प्रदर्शनकारियों ने नपा चेयरमैन के निवास स्थान पर डेरा डाला। नपा चेयरमैन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी बैरंग लौटे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल ट्रामा सेंटर में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।    
विज्ञापन


गौरतलब है कि घरौंडा के वार्ड नं. 17 निवासी जसविंद्र पाल का पांच वर्षीय पुत्र जतिन एमएन पब्लिक स्कूल में यूकेजी कक्षा का छात्र था। गत 6 फरवरी को ट्यूशन से आने के बाद शाम पांच बजे घर से अपने दोस्तों के पास खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक छात्र घर नहीं लौटा। परिजनों ने जतिन के दोस्तों से पूछताछ की तो दोस्तों ने बताया कि वह आज उनके पास आया ही नहीं, जिसके बाद परिजनों की चिंताएं ओर भी बढ़ गई थी। बच्चे के गुम होने की सूचना मिलते ही सगे-संबंधियों सहित आस पड़ोस के लोगों का जतिन के घर पर तांता लगना शुरू हो गया था।

परिजनों ने आस-पड़ोस के युवकों के साथ शहर में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही थी। सामाजिक संस्थाओं ने नाले की सफाई को लेकर मंगलवार तक का अल्टीमेटम उपमंडलाधिकारी को दिया था। इसके बाद मंगलवार को ही एसडीएम ने गंदे नाले पर पहुंचकर नाले की सफाई के आदेश नपा अधिकारियों को दिया था। इसके बाद बुधवार को ही नगरपालिका ने जेसीबी से गंदे नाले की सफाई शुरू कर दी थी। सफाई के दौरान जतिन का शव लगभग पांच बजे गंदे नाले में मिला। छात्र को शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई और मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी राजबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन


घर का इकलौता चिराग था जतिन
जतिन के पिता जसिवंद्र पाल का कहना है कि, जतिन उनका इकलौता लड़का था और एक महीना पहले ही जतिन घर पर आया था, इससे पहले वह अपने नाना के घर पर रहता था। जतिन हर शाम मेन गंदे नाले के नजदीक उसकी जेठानी के बच्चों के साथ खेला करता था।

गुस्साए लोगों ने शहर में किया रोष प्रदर्शन
शव मिलने की सूचना मिलते ही शहर की सामाजिक संस्थाओं व आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और नगरपालिका अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए नगरपालिका कार्यालय में पहुंचे, लेकिन ऑफिस बंद होने के कारण प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नगरपालिका के चेयरमैन सुभाष गुप्ता के निवास स्थान पर पहुंचे। आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान जेपी शेखपुरा ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि मृतक छात्र के पिता को सरकारी नौकरी देने की मांग, परिजनों को मुआवजा, गंदे नाले पर निर्माण होने वाले मार्ग का नाम जतिन मार्ग रखने की मांग, मार्ग की चौड़ाई 55 फुट चौड़ा, अनोखा कॉलोनी, तेलू राम, रामनगर, टावर कालोनी के विकास के लिए नगरपालिका का एक साल तक का बजट लगाने की मांग रखी। इस पर नपा चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने लोगों को आश्वासन दिया कि जो भी प्रदर्शनकारियों की मांग होगी, उनकी प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर पूरा कराने का प्रयास करेंगे।

आज बंद का किया आह्वान
वीरवार को प्रदर्शनकारी नगरपालिका के मेन गेट पर एकत्रित होंगे और अपनी मांगों को लेकर नपा प्रशासन से बात करेंगे। इसके लिए प्रदर्शनकारियों ने वीरवार को शहर बंद करने का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारियों ने दुकानदारों व आम लोगों से अपील की है कि बंद में उनका सहयोग दे।

मामले की गहनता से होगी जांच
थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि गत सप्ताह वार्ड नंबर 17 से एक छात्र जतिन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इसके लिए नगरपालिका को नाले की सफाई के लिए लिखा गया था। बुधवार को नाले की सफाई के दौरान बच्चे का शव बरामद हो गया है। छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें