पाकिस्तान से नशा ही नहीं हथियारों की तस्करी के लिए भी आतंकी पंजाब को ही ‘सेफ जोन’ समझते हैं। पाक की सीमा देश में जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक (करीब 3323 किलोमीटर) सटी हुई है। लेकिन इन सभी राज्यों में से पिछले करीब सवा साल के दौरान पंजाब सीमा से ही पाकिस्तान में बैठे आतंकियों ने सबसे ज्यादा हथियारों की तस्करी की। ये हथियार पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाए जाते हैं।
विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि पंजाब के ग्रामीण अंचलों के बेरोजगार युवाओं को हथियार व नशा तस्करी के लिए रुपयों का लालच देकर फंसाया जा रहा है। ये काम पाक में बैठे आतंकियों के पंजाब में सक्रिय एजेंट करते हैं। उसके बाद इन युवाओं का इस्तेमाल कूरियर ब्वॉय सरीखे समेत अन्य आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाता है। मगर बार्डर सिक्योरिटी फोर्स भी समय-समय पर अपने मजबूत नेटवर्क के बूते आतंकियों के इन मंसूबों को नाकाम कर हथियारों की खेप पकड़ती रहती है।
उधर, हथियारों व नशे की तस्करी के लिए पाकिस्तानी आतंकियों की ओर से जिन ड्रोनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वह पहले असेंबल किए जाते थे मगर अब तस्करी के लिए चीन निर्मित ड्रोन का इस्तेमाल होने लगा है। सीमा पर कुछ ऐसे ड्रोन पकड़े गए हैं, जिनका वजन 10 किलो की भार क्षमता के साथ 23 किलो तक है। एक ड्रोन एक ही बार में दस किलो तक वजनदार हथियार व विस्फोटक पाक से भारतीय सीमा में सटे पंजाब के खेतों में लाकर फेंक देता है, जिसे बाद में स्थानीय एजेंट उठाते हैं और आगे ठिकानों तक पहुंचाते हैं।
करनाल में बृहस्पतिवार को पकड़े गए चारों आतंकी गुरप्रीत, अमनदीप, परविंद्र और भूपेंद्र भी पंजाब से ही हथियारों की खेप लेकर तेलंगाना के आदिलाबाद जा रहे थे। पुलिस का दावा है कि पाक में बैठे आतंकी हरविंद्र सिंह रिंदा की बताई लोकेशन पर इन आतंकियों को ये हथियार व विस्फोटक पहुंचाना था। यह भी बताया जा रहा है कि ये आतंकी रुपयों के लिए हथियार तस्करी का काम बतौर ‘कूरियर ब्वॉय’ करते थे। उनके पास से विस्फोटक व हथियारों के साथ सवा लाख रुपये से अधिक नकदी भी मिली है। दस दिन के रिमांड में पुलिस को अभी कई सनसनीखेज खुलासों की उम्मीद है।
पाक से भेजे जा रहे ये हथियार
पाक में बैठे आतंकी देश को दहलाने के लिए लगातार नापाक मंसूबे बनाते रहते हैं। पिछले सवा साल के दौरान इन आतंकियों ने पाक से एके-47, पिस्टल, सब मशीन गन (एसएमजी), फॉल राइफल, एकेएम राइफल, 303 गन, 7.5 सेगा राइफल, पीएजी एमके राइफल, मैगजीन, कारतूस, विस्फोटक, ग्रेनेड, टियर स्मॉक ग्रेनेड व स्टिकी बम इत्यादि हथियार पंजाब सीमा के जरिए देश में भेजे। जिन्हें बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स पकड़ लिया।
इन हथियारों और विस्फोटकों मेें पाक सीमा से आठ एके-47 पकड़ी गईं, जिसमें से तीन कश्मीर, चार जम्मू और एक पंजाब सीमा से पकड़ी। 70 पिस्टल में से छह कश्मीर, 13 जम्मू और 51 पंजाब सीमा से पकड़ी। एक सब मशीन गन, एक फॉल राइफल, एक एकेएम राइफल, एक 303 गन, एक 7.5 सेगा राइफल, एक पीएमजी एमके राइफल पंजाब सीमा से बरामद की गई। इसी तरह 150 मैगजीन में से 13 कश्मीर, 39 जम्मू और 98 पंजाब से पकड़ी।
5325 गोलाबारूद में से 1170 कश्मीर, 833 जम्मू व 3322 पंजाब सीमा से बरामद हुए। विभिन्न तरह की विस्फोटक सामग्री सबसे ज्यादा कश्मीर से 23 व जम्मू से 13 पकड़ी। इस वर्ष भी अप्रैल तक बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए कुछ ड्रोन, पिस्टल, जिंदा कारतूस व अन्य विस्फोटक सामग्री पाक सीमा से पकड़ी हैं।